
आगामी जनगणना-2027 में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने और ‘स्व-गणना’ (Self Enumeration) को बढ़ावा देने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कमर कस ली है। मंगलवार को विभाग द्वारा जनपद के होटल कारोबारियों एवं मिठाई निर्माताओं को डिजिटल जनगणना के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत शहर के होटल जेएम विस्तारा में आयोजित मुख्य कार्यशाला में सहायक आयुक्त खाद्य-2 ने होटल संचालकों और कारोबारियों को स्व-गणना की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस आधुनिक व्यवस्था के माध्यम से कोई भी नागरिक घर बैठे निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं एवं अपने परिवार का विवरण आसानी से दर्ज कर सकता है। कार्यशाला के दौरान पोर्टल के उपयोग, आवश्यक जानकारियां भरने के तरीके और प्रक्रिया पूर्ण होने पर प्राप्त होने वाली ‘संदर्भ संख्या’ (Reference Number) के महत्व को विस्तार से समझाया गया।

तहसीलों में भी चला जागरूकता अभियान
शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों और तहसीलों में भी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मोर्चा संभाला। तहसील बहेड़ी में होटल व्यवसायियों एवं मिठाई निर्माताओं को स्व-गणना की बारीकियां सिखाई गईं। इसके अतिरिक्त तहसील फरीदपुर में खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंदरजीत सिंह, मीरगंज में मुकेश कुमार तथा नवाबगंज में हिमांशु सिंह ने स्थानीय खाद्य कारोबारकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें इस प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कर्मचारियों और ग्राहकों को भी करेंगे प्रेरित
कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों ने सभी कारोबारियों से अपील की कि वे स्वयं स्व-गणना करने के साथ-साथ अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों, सहयोगियों और परिचितों को भी इसके लिए जागरूक करें। विभाग ने जनपद के समस्त खाद्य कारोबारियों और नागरिकों से इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया है।
बॉक्स: क्या है ‘स्व-गणना’ के मुख्य लाभ?
- घर बैठे सुविधा: ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से खुद भर सकेंगे परिवार का विवरण।
- सटीक जानकारी: स्वयं विवरण दर्ज करने से त्रुटियों की संभावना न के बराबर।
- संदर्भ संख्या: प्रक्रिया पूरी होने पर मिलने वाला रेफरेंस नंबर प्रगणक (गणना करने वाले अधिकारी) के आने पर दिखाना होगा।