
बरेली। दीपावली के मद्देनजर जनसुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन पूर्ण रूप से अलर्ट है , गुरुवार को एसपी सिटी चिराग जैन और एडीएम सिटी ने संयुक्त रूप से नगर क्षेत्र के प्रस्तावित पटाखा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने अग्नि सुरक्षा उपकरणों, आपातकालीन इंतजामों और निर्धारित सुरक्षा मानकों की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनू शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी एलआईयू सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पटाखा केंद्रों पर सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता के साथ उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी सिटी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम रखे जाएं और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
प्रशासन का उद्देश्य पटाखा केंद्रों पर सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकते हुए आमजन की सुरक्षा बनाए रखना है।