बरेली जंक्शन के चप्पे-चप्पे पर गश्त ; ADG-DIG-SSP ने खुद परखी सुरक्षा की नब्ज

बरेली। आगामी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुगम बनाने के लिए परीक्षा में शामिल होने आ रहे हजारों अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर पुलिस के आला अधिकारियों ने खुद मोर्चा संभाल लिया। शनिवार मध्य रात्रि अचानक पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दल ने बरेली जंक्शन पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्लेटफॉर्मों पर गश्त, संदिग्धों से पूछताछ
अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) बरेली जोन रमित शर्मा, पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने संयुक्त रूप से जंक्शन के चप्पे-चप्पे की पड़ताल की। अधिकारियों ने प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों, सर्कुलेटिंग एरिया और टिकट काउंटरों पर पैदल गश्त की। सुरक्षा एजेंसियों और डॉग स्क्वॉड के साथ संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं और सामानों की सघन जांच की गई। आने-जाने वाले यात्रियों से भी जरूरी पूछताछ की गई ताकि कोई भी असामाजिक तत्व व्यवस्था में खलल न डाल सके।


अफसरों ने अभ्यर्थियों से पूछा- ‘कोई दिक्कत तो नहीं?’
निरीक्षण के दौरान अफसरों का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। रेलवे स्टेशन पर ठहरे परीक्षार्थियों से अधिकारियों ने सीधे संवाद किया। अफसरों ने अभ्यर्थियों से उनके ठहरने, खान-पान और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के साधनों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और स्थानीय प्रशासन हर कदम पर उनके सहयोग के लिए तत्पर है।
भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश
अफसरों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF/GRP) को निर्देश दिए कि परीक्षा के चलते स्टेशनों पर भारी भीड़ उमड़ेगी, ऐसे में भीड़ प्रबंधन (क्राउड मैनेजमेंट) बेहद चाक-चौबंद होना चाहिए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) तैयार रहें और सीसीटीवी कैमरों से लगातार 24 घंटे निगरानी की जाए।
इस हाई-प्रोफाइल रात्रि निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर (SP City) चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम (CO City-I) समेत कई थानों के प्रभारी और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks