
बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने ग्राम भभइया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने और सोलर पैनल की बैटरियां चोरी करने की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दो सोलर बैटरियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात ग्राम भभइया में सड़क किनारे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का एक हाथ व चश्मा तोड़ने के साथ वहां लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। इसके बाद सोलर पैनल की बैटरियां चोरी कर ली गई थीं। मामले में थाना बहेड़ी में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गरीबपुरा मोड़ से ग्राम आखा जाने वाले खड़ंजे पर दो आरोपियों गौरव पुत्र करन सिंह (23) और सरजीत उर्फ रिंकू पुत्र कृपाल (19) को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो सोलर बैटरियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने 31 अगस्त की रात घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में मु0अ0सं0 675/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।