
बिलारी। कोतवाली में तैनात 30 वर्षीय सिपाही ने किराए के कमरे में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।जानकारी के अनुसार, मृतक सिपाही मोनू सांगवान पुत्र महेंद्र सिंह मूल रूप से हरियाणा प्रांत के चारखी दादरी जिले के छपरा गांव का निवासी था और वर्तमान में बिलारी कोतवाली में चार साल से तैनात था। वह बिलारी स्थित साहू कुंज में किराए के मकान में रह रहा था। बताया गया कि दिन में किसी समय उसने अपने कमरे में गोली मार ली। शाम करीब सात बजे मकान में रह रहे हरियाणा के ही कुछ अन्य लोगों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो सिपाही अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसे तत्काल उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर एसपी देहात कुंवर आकाश, क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह तथा कोतवाली प्रभारी उदय प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सिपाही द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।