
बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए सात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। गंभीर आरोपों के संज्ञान में आने के बाद सभी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दायरे में रिक्रूट आरक्षी पीयूष मोहन (थाना क्योलड़िया), रिक्रूट आरक्षी अनिल कुमार (थाना मीरगंज), आरक्षी सगुन कुमार (यूपी-112 परियोजना), आरक्षी विवेक धामा (थाना इज्जतनगर), आरक्षी अजय कुमार (रिजर्व पुलिस लाइन), आरक्षी सौरभ कुमार (रिजर्व पुलिस लाइन) तथा कुक विक्की कश्यप (रिजर्व पुलिस लाइन) शामिल हैं।
इनमें अधिकांश कर्मियों पर स्वीकृत अवकाश समाप्त होने के बाद बिना अनुमति लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप है। वहीं आरक्षी अजय कुमार पर सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना पॉडकास्ट/इंटरव्यू रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने तथा उत्तर प्रदेश पुलिस सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने के आरोप में निलंबन की कार्रवाई की गई है। जबकि कुक विक्की कश्यप पर ड्यूटी के लिए बुलाए जाने के बावजूद आने से स्पष्ट इंकार करने और लगातार अनधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने का आरोप है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, आदेशों की अवहेलना और सेवा नियमों के उल्लंघन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।