
बरेली। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से मजबूत बनाने की दिशा में बरेली प्रशासन ने एक और सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आह्वान पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 40 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारियों ने 200 से अधिक क्षय रोगियों को गोद लेकर उन्हें पोषण पोटली वितरित की और उपचार अवधि तक हर महीने पोषण सहायता देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में अब तक 8951 क्षय रोगियों को गोद लेने की सहमति प्राप्त हो चुकी है, जिनमें से 8422 मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने अभियान की उपलब्धियों और विभिन्न सूचकांकों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित 40 से अधिक जिला स्तरीय अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और क्षय रोगियों को पोषण आहार वितरित किया।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे गोद लिए गए मरीजों को उपचार पूरा होने तक प्रत्येक माह पोषण पोटली उपलब्ध कराते रहें, ताकि बेहतर पोषण के माध्यम से मरीज जल्द स्वस्थ हो सकें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान के अनुरूप जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से ही टीबी मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने निक्षय पोषण योजना की जानकारी भी प्राप्त की। उपस्थित सभी अधिकारियों ने हर माह पोषण पोटली उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अंत में जिला क्षय रोग अधिकारी एवं उप जिला क्षय रोग अधिकारी ने सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।