
बरेली। कांवड़ यात्रा और आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक में डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थ, असुरक्षित पेय सामग्री और बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण में तेजी लाने, दुकानों की नियमित जांच करने तथा स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए गए।
डीएम ने विशेष रूप से कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।