
बरेली। दिव्यांग छात्राओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने स्कूल और प्रशिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली दिव्यांग छात्राओं को निःशुल्क ई-ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की योजना शुरू कर दी है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 20 पात्र छात्राओं का चयन किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह ने बताया कि 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र दिव्यांग छात्राएं, जो मस्क्यूलर डिस्ट्रोफी, सेरेब्रल पाल्सी, स्ट्रोक, हीमोफिलिया सहित अन्य गंभीर शारीरिक दिव्यांगता से ग्रसित हैं और ई-ट्राइसाइकिल संचालित करने में सक्षम हैं, इस योजना का लाभ ले सकेंगी। चयन से पहले तकनीकी समिति द्वारा शारीरिक परीक्षण भी किया जाएगा।
योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा, जिन्हें पिछले पांच वर्षों में किसी सरकारी योजना से ई-ट्राइसाइकिल नहीं मिली है। पहले गरीबी रेखा से नीचे के पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से तीन कार्य दिवस के भीतर पात्र छात्राओं का विवरण जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, बरेली में उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि समय पर लाभार्थियों की सूची शासन को भेजी जा सके।