प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए किया सरपंचों को संबोधित, कहा- कोरोना का संदेश आत्मनिर्भर बनें
नई दिल्ली, । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पंचायती राज दिवस के मौके पर देश के सरपंचों को बधाई दी। उन्होंने ई स्वराज पोर्टल का शुभारंभ करते हुए इसकी महत्ता बताई साथ ही कहा कि कोरोना संकट से हमें संदेश मिलता है कि हम आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा, ‘आज अनेक पंचायतों को अच्छे कार्यों के लिए पुरस्कार मिले। इन सबों को व गांव वालों को अनेक बधाई।’ पचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी इसमें शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया, ‘प्रधानमंत्री मोदी आज दो कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे।’
इसमें हिस्सा लेने वाले सभी सरपंच अपने घरों के करीब मौजूद कॉमन सर्विस सेंटर में जाकर प्रधानमंत्री से अपने विचारों को साझा करेंगे। पंचायती राज मंत्रालय ने इसकी जानकारी पहले ही दे दी थी। मंत्रालय ने बताया कि 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की विभिन्न ग्राम पंचायतों को वीडियोकांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 27 अप्रैल को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री मोदी इसी माध्यम के जरिए बात करेंगे। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह वार्ता कोविड-19 व लॉकडाउन के मुद्दे पर हो सकती है। कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए लॉकडाउन के बाद से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ही प्रधानमंत्री ने इस तरह की कई वार्ता में हिस्सा लिया है।