
बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के मद्देनजर 8, 9 और 10 जून 2026 को जनपद में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। अभ्यर्थियों की सुविधा और सुचारू यातायात संचालन के लिए प्रतिदिन सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक भारी वाहनों का डायवर्जन रहेगा।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दिल्ली, रामपुर, मुरादाबाद, लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को बड़े बाईपास, विलयधाम, विल्वा पुल, इन्वर्टिस तिराहा और ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग से होकर गुजरना होगा।
वहीं बारादरी, प्रेमनगर, इज्जतनगर, सीबीगंज, कोतवाली, किला एवं हाफिजगंज क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थी दोपहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा से आसानी से पहुंच सकेंगे। बरेली कॉलेज और बरेली इंटर कॉलेज केंद्र वाले परीक्षार्थियों को पश्चिमी गेट (कालीबाड़ी मंदिर की ओर) से प्रवेश दिया जाएगा, जबकि पूर्वी गेट परीक्षा दिवस पर बंद रहेगा।
पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने परीक्षार्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि वे पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें तथा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।