
बरेली। सुभाष नगर थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार नैन द्वारा बृहस्पतिवार को एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक में जनसेवा केंद्र संचालक, पार्षद, ग्राम प्रधान तथा फैक्ट्री मालिक उपस्थित रहे।
गोष्ठी के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी उपस्थित लोगों को क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं आपसी समन्वय को मजबूत करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।
इसके साथ ही जनसेवा केंद्र संचालकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, पार्षदों एवं ग्राम प्रधानों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा फैक्ट्री मालिकों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक का उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा अपराधों की रोकथाम हेतु सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा। सभी उपस्थित लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।