
बरेली। शहर में प्रस्तावित मेट्रो ट्रेन परियोजना के कार्य को रफ्तार देने के लिए पीलीभीत रोड को टेन लेन चौड़ीकरण करने के साथ बीसलपुर चौराहे व सौ फुटा तिराहे पर पुल बनाने की कार्ययोजना पर फोकस किया जा रहा है। कार्ययोजना फाइनल होने के बाद पीलीभीत रोड पर मेट्रो ट्रेन का रूट तय हो जाएगा। मेट्रो ट्रेन की डीपीआर रामगंगा नगर परियोजना को जोड़ते हुए तैयार की जा रही है।
कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी ने बताया कि मेट्रो ट्रेन की परियोजना को जल्द गति मिलेगी। इसके कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के लिए डीपीआर तैयार कर रही राइट्स कंपनी ने जो आपत्ति दर्ज की है, उसके अनुसार कार्य कराया जा रहा है। पीलीभीत रोड पर सौ फुटा तिराहे और बीसलपुर चौराहे पर फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव भी शामिल किया जा रहा है। इस रोड के दोनों प्रमुख चौराहे हैं और मेट्रो ट्रेन का रूट भी इसी मार्ग पर रहेगा, इसलिए ट्रैफिक के सुगम आवागमन के लिए पुल जरूरी है।

दरअसल, मेट्रो ट्रेन के डिपो के लिए 20 हेक्टेयर भूमि बीडीए की पीलीभीत बाईपास से लगी नई आवासीय टाउनशिप के पास बड़ा बाईपास पर चिह्नित की गयी है। फन सिटी के पास मेट्रो ट्रेन का जंक्शन भी बनाने की योजना है। कुछ माह पहले राइट्स कंपनी ने एयरफोर्स से एनओसी के लिए पत्राचार किया। चयनित भूमि एयरफोर्स से करीब ढाई किलोमीटर दूर है, इसलिए एयरफोर्स से एनओसी लेना जरूरी है। मेट्रो का करीब छह हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है। 22 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाने की योजना है। पहले रूट में रेलवे जंक्शन से चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, सेटेलाइट बस अड्डा, बीसलपुर चौराहा, तुलसीनगर, रुहेलखंड विश्वविद्यालय, सौ फुटा रोड, फन सिटी तक मेट्रो ट्रेन संचालन भी प्रस्तावित है।