
विश्वनाथ नर्सिंग होम में लगा रक्तदान शिविर
गिरिडीह: शहर के विश्वनाथ नर्सिंग होम परिसर में मारवाड़ी जिला सम्मेलन व मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त तत्वाधान में वृहत रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्घाटन डीसी रामनिवास यादव ने किया। इस मौके पर एसडीएम श्रीकांत यशवंत बिसपुते, एएसपी सुरजीत कुमार, सिविल सर्जन डॉ एसपी मिश्रा व रेड क्रॉस के चेयरमेन अरविंद कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। मारवाड़ी जिला सम्मेलन के अध्यक्ष श्रवण केड़िया की अगुआई में आयोजित स्वागत समारोह में डीसी, एएसपी, एसडीएम, सीएस, रेड क्रॉस के पदाधिकारियों के साथ मीडिया कर्मियों का स्वागत पुष्प गुच्छ व मोमेंटो देकर किया गया। उद्घाटन सत्र के बाद रक्तदान का सिलसिला शुरू हुआ जो देर शाम तक चलता रहा। इस वृहत रक्तदान शिविर में 121 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें कई लोग पहली बार रक्तदान करने वाले लोग भी शामिल रहे। शिविर की खास बात यह रही की आज पुरुषों के साथ कई महिलाओं ने भी रक्तदान किया, जिन्हें अतिथियों के हाथों सर्टिफिकेट व मोमेंटो देकर प्रोत्साहित किया गया। इसके पूर्व डीसी ने अपने संबोधन में आयोजकों की सराहना व रक्तदाताओं को बधाई देते हुए लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। कार्यक्रम को एएसपी व एसडीएम समेत कई लोगों ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रेडक्रोस के चेयरमेन अरविंद कुमार व सुनील मोदी ने संयुक्त रूप से किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदीप अग्रवाल ने किया। शिविर को सफल बनाने में डॉ एस के डोकानिया, डॉ नीरज डोकानिया, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष राहुल केडिया, गिरिडीह जिला सम्मेलन के अध्यक्ष सी ए डॉ श्रवण केडिया, पंकज राठी, निर्मल सलामपुरिया, राहुल केड़िया, संजय शर्मा, विकास खेतान, दिनेश खेतान आदि ने अहम भूमिका निभाई। मौके पर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला, रेड क्रॉस के सचिव विवेश जालान, उप चेयरमेन चरणजीत सिंह सलूजा, संयुक्त सचिव डॉ निकिता गुप्ता, कोषाध्यक्ष मुकेश जालान, कार्यकारिणी सदस्य मदनलाल विश्वकर्मा, डॉ तारकनाथ देव, संजय भूदोलिया, नील कमल भरतिया, नवीन सेठी समेत शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।