
बरेली :: थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के गांव मढौली निवासी 21 वर्षीय दीनानाथ उर्फ दीपक पुत्र रामसेवक की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना शुक्रवार सुबह की है जब दीपक साइकिल से परसाखेड़ा स्थित कोका-कोला फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे।
टीयुलिया अंडरपास के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। मृतक की जेब में मिले कागजात के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की मां चंद्रावती का रो-रोकर बुरा हाल है। दीनानाथ चार भाइयों में सबसे छोटे था और प्राइवेट नौकरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते था। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस दुखद घटना से गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।