
वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभवों का लाभ उठाएं युवा – न्यायमूर्ति
जल्द ही चैंबरों की होगी व्यवस्था
बार में हुआ हाईकोर्ट जज का स्वागत
एटाः उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति नलिन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि बार बैंच एक दूसरे के पूरक होते है। न्याय के क्षेत्र में दोनों का तालमेल आवश्यक होता है। जिससे न्यायतंत्र प्रभावी ढंग से काम करते प्रत्येक नागरिक तक सुलभ हो जाता है।
कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वकालत फील्ड से अपनी न्यायक्षेत्र में हुई शुरूआत की जानकारी देते हुए कहा कि युवा अधिवक्ताओं को अपने वरिष्ठ अधिवक्ताओं के ज्ञान और अनुभव का लाभ उठाना चाहिए। अनुभव के माध्यम से आगे बढ़ने के रास्ते प्रशस्त होते हे। कार्यक्रम में उन्होंने अधिवक्ताओं के चेंबरों के लिए आए प्रपोजलों के संबंध में जल्द चैंबरों की व्यवस्था होने के बारे में भी बताया। बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश के चैयरमैन शिव कुमार गौड़ व जनपद न्यायाधीश रवींद्र कुमार प्रथम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए बार और बैंच के संबधों पर विचार व्यक्त किए। बार के वरिष्ठ अधिवक्ताओं, पदाधिकारियों व युवा अधिवक्ताओं ने उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति के साथ जनपद न्यायाधीश, चेयरमैन बार काउंसिल,प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय अनीता राज, मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिव्यूनल के पीठासीन अधिकारी अहमद उल्ला खां, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी का फूल मालाएं पहनाकर कर स्वागत किया तथा बार अध्यक्ष अशोक कुमार सिकरवार एवं महासचिव गिरीश चंद्र शर्मा ने बुके भेंट किए। वहीं पंकज उपाध्याय ने स्व लिखित पुस्तकें भेंट की। मंच का संचालन केंद्र सरकार के अपर स्थायी शासकीय अधिवक्ता अरुण कुमार उपाध्याय एवं एडवोकेट अमित जौहरी ने किया तथा अध्यक्ष और महासचिव ने आभार जताया। इस मौके पर अलीगंज बार के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा, सचिव अनिल अवस्थी, आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश चंद्र शर्मा, जलेसर बार के अध्यक्ष व सचिव के साथ काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।