
एटा, । एटा-सकीट रोड स्थित चिलासनी पर 52 बैड का आयुष अस्पताल बनेगा। उसके लिए विभाग ने एक एकड़ जमीन चिन्हित की है। इसके अलावा 14 नए आयुष अस्पताल जनपद में बनाए जाएंगे, जिसमें से चार अन्य आयुष अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. मनोज कांत ने बताया कि शासन से 15 नए आयुष अस्पताल स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें 52 बैड के आयुष अस्पताल को चिलासनी पर एक एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। शासन से बजट आवंटित होते ही आयुष अस्पताल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मानिकपुर, सौहार, सराय अगहत, सुन्ना-सिहोरी में आयुष अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। चिन्हित जमीन विभाग के हैंडओवर होने के बाद इन अस्पतालों के प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे जाएंगे। जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा जनपद में 10 आयुष अस्पताल बनाए जाने के लिए जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही इनके लिए भी जमीन चिन्हित कर ली जाएगी। इसके बाद इनके भी प्रस्ताव शासन को भेज दिये जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन आयुष अस्पताल के निर्माण के बाद जिले में संख्या बढ़कर 28 हो जाएगी।
जनपद अभी में 13 आयुष अस्पताल हो रहे संचालित
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 13 आयुष अस्पताल जनपद में संचालित हो रहे है। जिसमें से आठ किराये के भवन में और तीन स्वयं के भवन में संचालित हो रहे है। चिकित्सकों की संख्या कम होने पर एक से अधिक अस्पताल का प्रभार चिकित्सकों को सौंपा गया है। जहां पर चिकित्सक सप्ताह में तीन-तीन जाकर उपचार देने का काम कर रहे है। उन्होंने बताया कि जनपद एटा में 147 आयुष चिकित्सक पंजीकृत हैं।