
स्कूल से लौट रहे छात्र पर जानलेवा हमला, मुकदमा
कासगंज- शहर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से अवकाश के बाद लौट रहे कक्षा नौ के छात्र पर आरोपियों ने लाठी डंडे, धारदार हथियार एवं तमंचा की बटों से जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने पीड़ित के बाबा की तहरीर पर नामजद व अज्ञातों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में मलखान सिंह पुत्र गिरधारी लाल निवासी गंगेश्वर सोलह बीघा कॉलोनी ने बताया है कि उनका नाती अनुज कुमार उर्फ ब्रह्मप्रकाश बिलराम रोड पर स्थित एमडी पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। गत 26 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे अवकाश के बाद उनका नाती घर लौट रहा था, तभी छर्रा बस अड्डे के समीप विजय कुमार पुत्र हेतराम निवासी गंगेश्वर कॉलोनी, सोहिल पुत्र वीरपाल निवासी जखा अमांपुर व दो अन्य व्यक्तियों ने घेर लिया और जमकर मारपीट की।
इससे उसका नाती मौके पर ही बेहोश हो गया। आरोपी घटना के बाद फरार हो गए। जानकारी मिलने पर वह पहुंचा और नाती को इलाज के लिए लेकर गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।