
जनता नर्सिंग होम सील, दो को नोटिस
एटा, । जलेसर के अपंजीकृत जनता नर्सिग होम को स्वास्थ्य विभाग के अपंजीकृत नोडल अधिकारी डा. सर्वेश कुमार ने टीम सहित पहुंचकर सील किया है। अस्पताल सील होने से नगर के अपंजीकृतों में हड़कंप मच गया। इससे पूर्व स्वास्थ्य टीम ने एटा में एक अपंजीकृ़त पैथोलॉजी और सिरांव में अपंजीकृत चिकित्सक को नोटिस देने की कार्रवाई की है।
अपंजीकृत नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को शहर के पीपल अड्डा स्थित अपंजीकृत श्रीराम पैथोलॉजी पर छापेमार कार्रवाई की। कार्रवाई में संचालक रवि कुमार कोई अभिलेख नहीं दिखा सके, जिस पर उनको नोटिस दिया गया है। इसमें तीन दिन में स्पष्टीकरण देने को निर्देशित किया गया है। इसके बाद गांव सिरांव में अपंजीकृत चिकित्सक देवेन्द्र सिंह की क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अपंजीकृत की क्लीनिक में कई मरीजों पर ड्रिप चढ़ायी जा रही थी। टीम को देखकर अपंजीकृत ने कई मरीजों को भगा दिया। वह चिकित्सा कार्य करने संबंधी कोई अभिलेख नहीं दिखा सका। इस पर उसको नोटिस देकर तीन दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। इसके बाद दोपहर बाद जलेसर स्थित जनता नर्सिगहोम पर छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान अस्पताल में पंजीकरण संबंधी कोई अभिलेख संचालक रामबाबू कुशवाह नहीं दिखा सके, जिस पर अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की गई है। दोपहर बार जलेसर में छापामार कार्रवाई के बाद अस्पताल सील होने से अपंजीकृतों में हड़कंप मच गया। वह अपनी-अपनी क्लीनिक बंद कर भाग गये।