*शांति समिति की बैठक में पहुंचे डीआईजी और एसएसपी, रिपोर्ट योगेश मुदगल
कांवड़ यात्रा और मुहर्रम को लेकर दोनों समुदाय के लोगों के साथ किया विचार विमर्श

मारहरा।
वर्तमान में चल रही कांवड़ यात्रा और आगामी पर्व मुहर्रम को लेकर कस्बा के कल्याणी गल्र्स डिग्री कालेज में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीआईजी अलीगढ रैंज शलभ माथुर एंव एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने हिंदू- मुस्लिम समुदाय के सभ्रांत नागरिकों के साथ त्यौहारों को लेकर आपसी विचार विमर्श किये। इस दौरान उन्होने दोनों समुदाय के लोगों से आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग की अपील की।
मंगलवार को बैठक कोे सम्बोधित करते हुए डीआईजी ने कहा, कि पर्व और त्यौहार हमारी संस्कृति की पहंचान होते हैं। इन्हे आपसी सामंजस्य के साथ सम्पन्न कराना चाहिए। बैठक में मौजूद लोगों द्वारा बताया गया कि अस्पताल चौराहे से हैदरी चौक वाले कांवड़ मार्ग पर ही आगामी 28- 29 जुलाई को मुहर्रम का जुलूस भी निकलेगा। एसे में कुछ असुविधा हो सकती है। इस पर पुलिस अधिकारियों ने फैसला लिया कि मुहर्रम वाले दिन कांवड़ यात्रा का रूट दो घंटे के लिए मुहल्ला बजरिया, कायस्थान से हनुमान चौक की ओर डायवर्ट किया जायेगा। जिससे कि आयोजनों में व्यवधान न आये। इस दौरान डीआईजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग और मुहर्रम के रूटचार्ट के अलावा ताजियों और करबला की स्थिति पर भी जानकारी ली।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया, कि इससे पूर्व भी थाने पर शांति बैठक आयोजित करा कर दोनों समुदाय के लोगों से वार्ता की जा चुकी है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस लगातार गश्त कर रही है। कई स्थानों पर पुलिस बैरियर और पिकेट भी लगाये गये हैं। माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी विवेक मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक धनंजयसिंह कुशवाह, एसओ मारहरा सत्यपालसिंह, चेयरमैन शशिप्रभा, सपा जिलाध्यक्ष परवेज जुबैरी, धीरेन्द्र कुमार, विजय कुमार शाश्त्री, डा0 निहालुद्दीन, राशिद कुरैशी, गोल्डी गुप्ता, राहुल भारद्वाज, कारी इरफान, सकलैन कुरैशी, असलम खान, महेन्द्र दिवाकर, टीटू गुप्ता, गौरव गुप्ता, कृष्णगोपाल गुप्ता, मुकेश राजपूत, अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।
थाने का निरीक्षण कर देखे अभिलेख-
शांति समिति की बैठक के बाद डीआईजी एंव एसएसपी ने मारहरा थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान एफआईआर रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, हाजिरी रजिस्टर आदि कार्यालय के अभिलेखों की गहनता से जांच की। डीआईजी ने थाना प्रभारी सत्यपालसिंह को कड़े निर्देश दिये, कि कांवड़ यात्रा एंव मुहर्रम के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में कोई कोताही न बरती जाये।