आगरा में चौराहे पर गुंडा टैक्स वसूलने में भेजा जेल, रिपोर्ट योगेश मुदगल

आगरा, । दो महीने से बोदला (जगदीशपुरा) चौराहे पर वाहनों से अवैध वसूली हो रही थी। हाथ में डंडा लेकर एक दबंग ऑटो से 50 रुपये और ई रिक्शा से 30 रुपये प्रतिदिन वसूलता था। चौराहे पर ही चौकी है। पुलिस को लगता था कि नगर निगम का कोई ठेका है। शिकायत पर पुलिस हरकत में आई। आरोपित को पकड़कर जेल भेज दिया।
इंस्पेक्टर जगदीशपुरा देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि रामपाल मयूरी चालक है। अलबतिया का निवासी है। रोता हुआ पुलिस के पास आया। बताया कि चौराहे पर दिलावर नाम का गुंडा वाहन चालकों से अवैध वसूली करता है। ऑटो वालों से 50 रुपये और मयूरी से 30 रुपये लेता है। जो नहीं दे उसे सवारियां नहीं भरने देता। मारपीट करता है। गाड़ी बंद कराने की धमकी देता है। चौराहे पर नगर निगम का कोई ठेका नहीं है। ठेका पार्किंग का होता है। शिकायत को गंभीरता से लिया गया। दिलावर को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह बिचपुरी का निवासी है। पुलिस ने उससे पूछा कि नगर निगम ने कोई ठेका उठाया है तो वह कागज दिखाए। किसी ठेकेदार का कर्मचारी है तो पहचान पत्र दिखाए। आरोपित कोई कागज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ रंगदारी वसूलने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया। आरोपित को जेल भेज दिया।