
2125 रुपये प्रति कुंतल की दर से होगी गेहूं खरीद
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। प्रदेश की सात सरकारी व सहकारी एजेन्सियों की 5900 क्रय केन्द्रों पर इस बार 60 लाख कुंतल गेहूं की खरीद की जाएगी। सरकार ने गत वर्ष से इस बार गेहूं के दाम प्रतिकुंतल 110 रुपये की बढ़ोत्तरी की है। इस प्रकार से 2125 रुपये प्रति कुंतल की दर से सरकारी क्रय केन्द्रों पर गेहूं की खरीद की जाएगी। प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के बाद बुधवार को सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं क्रय नीति का शासादेश जारी कर दिया।
पिछले वर्ष सरकारी खरीद केन्द्रों गेहूं का खरीद मूल्य 2015 रुपये प्रतिकुंतल तय किया गया था। इस बार सात सहकारी एवं सरकारी एजेन्सियां ही क्रेय केन्द्रों के माध्यम गेहूं की खरीद करेगी। इन एजेन्सियों में खाद्य विभाग, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद, उत्तर प्रदेश सहकारी संघ (पीसीएफ) उत्तर प्रदेश कोआपरेटिव यूपियन (यूपीपीसीयू), उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ (यूपीएसएस), भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नैफेड) तथा भारतीय खाद्य निगम के नाम शामिल हैं। इन एजेन्सियों को अलग-अलग मात्रा में खरीद का लक्ष्य दिया गया है। शासनादेश के अनुसार खाद्य आयुक्त की ओर से क्रय एजेन्सियों के लक्ष्य को घटाया या बढ़ाया जा सकता है।
इसके अलावा पंजीकृत एफपीओ (फार्मर्स प्रोड्यूसर आर्गेनाजेशन) या एफपीसी (फार्मर्स प्रोड्यूसर कम्पनीज) भी कुछ शर्तों के साथ मण्डी परिषद व कृषि विभाग से संबद्ध होकर गेहूं की खरीद कर सकता है। सभी क्रय केन्द्र सुबह नौ बजे से शाम के छह बजे तक खुलेंगे।