जनसेवा केंद्र में लूट करने वाले दबोचे, रिपोर्ट योगेश मुदगल

ग्रेटर नोएडा/कासगंज – बिसरख पुलिस ने चिपयाना बुजुर्ग स्थित आर्यन जन सेवा केंद्र में हुई लूट की घटना का 72 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटे गए 30 हजार में से 17,350 रुपये और चोरी की एक बाइक बरामद कर ली। इन लुटेरों ने बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में बाइक पर सवार महिला से चेन लूट का प्रयास किया था। लुटेरों ने चोरी की बाइक से दोनों घटनाओं को अंजाम दिया था।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन चारों ने मिलकर एक अप्रैल को पंचशील कॉलोनी चिपियाना बुजुर्ग में आर्यन जन सेवा केंद्र में घुसकर दुकानदार को तमंचा दिखाकर 30 हजार रुपये लूटे थे। वारदात के बाद आपस में लूटे गई रकम को बांटकर भाग गए थे। पुलिस पूछताछ में लुटेरों ने बताया कि दो अप्रैल को उन्होंने बादलपुर कोतवाली क्षेत्र में बाइक पर सवार एक महिला के गले से चेन लूटने की कोशिश की थी।
इस दौरान महिला बाइक से नीचे गिर गई थी, जिसके बाद वे भाग गए थे। एडीसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव दीक्षित ने बताया कि बिसरख पुलिस द्वारा सीसीटीवी व सर्विलांस की मदद से लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लुटेरों की पहचान पप्पू कुमार और रोहित निवासी छतारी जिला बुलंदशहर, आशीष उर्फ विकास निवासी जिला कासंगज हाल पता ग्राम धुम मानिकपुर और चांद निवासी छोलस थाना जारचा के रूप में हुई है। पुलिस लुटेरों के अन्य आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है।
चोरी की बाइक से दिया घटनाओं को अंजाम
बिसरख कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार राजपूत ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों के पास से चोरी की बाइक बरामद की गई है। इसी बाइक से लुटेरों ने दोनों घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस से बचने के लिए लुटेरों ने पहले बाइक चोरी की, जिसके बाद लूटपाट की घटनाएं कीं।