हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी, छः बीघा गेंहू की फसल जलकर खाक, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा,थानाक्षेत्र के गांव औरनी में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से छ. बीघा गेहू की फसल जलकर खाक हो गयी। हालांकि आग आसपास के अन्य खेतों को भी अपनी जद में ले सकती थी, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।
गांव औरनी निवासी विनय कुमार ने बताया, कि उनके खेतों के ऊपर से ही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, लेकिन उन तारों के नीचे गार्डिंग नहीं है। मंगलवार की दोपहर बिजली के तारों से निकली चिंगारी खेत में गिर पड़ी। जिसकी वजह से गेंहू की फसल ने आग पकड़ ली और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसे देख आसपास के खेतों में काम कर रहे दर्जनों किसान भी मौके पर इकठ्ठा हो गये। आनन- फानन में आग बुझाने के प्रयास शुरू किये गये। लोगों ने पानी इत्यादि की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक विनय की लगभग छ: बीघा गेंहू की फसल पूरी तरह से जलकर खाक हो गयी। वहीं अन्य ग्रामीणों का कहना है, कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो यह आग आसपास के खेतों को भी अपनी जद में ले सकती थी। जिससे बड़ा नुकसान होता। घटना की सूचना पर थाना उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं पीड़ित किसान ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
वहीं औरनी ग्राम पंचायत प्रधान सोमेन्द्र यादव का कहना है, क्षेत्र से गुजर रही अधिकाश हाईटेंशन लाइन के नीचे गार्डिंग के तार नहीं है। वहीं लाइन भी बेहद जर्जर हो चुकी है। जिसकी वजह से गर्मियों के दिनों में किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलकर खाक हो जाती है. लेकिन विद्युत विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं देता है। खेतों में खड़ी फसल पर खतरा मडराता रहता है। विद्युत विभाग को किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए हाईटेशन लाइन के नीचे गार्डिंग तार लगवाने चाहिए।