सरौठ में दिनदहाड़े दुकान के अंदर घुसकर अपराधियों ने की भारी मारपीट तथा लूटपाट,सीसीटी कैमरे में कैद है पूरी घटना पुलिस ने फिर भी नहीं लिखी रिपोर्ट
अपराधियों की बाइक पुलिस ने ली कब्जे में लेकिन पीड़ित का डॉक्टरी मायना तक नहीं कराया
पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ रिपोर्ट न लिखे जाने से पीड़ित पक्ष को परिवार सहित हत्या होने की आशंका

एटा। थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव सरौठ स्थित मैन मार्केट के एक व्यापारिक प्रतिष्ठान के अन्दर घुसकर अवैध शस्त्र धारियों ने दिनदहाड़े एक व्यापारी के साथ जमकर मारपीट करते हुए दुकान में रखी नगदी को लूट लिया। पीड़ित के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़कर बचाने के लिए आए तभी अपराधी घटना स्थल पर अपनी बाइक छोड़कर दूसरे वाहन से फरार होने में सफल हो गए। घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाना पहुंचा जहां से पुलिसकर्मी घटनास्थल पर आए और अपराधियों की खड़ी मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर थाने में ले गये। लेकिन घटना की रिपोर्ट तथाकथित कारणों से अपराधियों के विरुद्ध थाना पर दूसरे दिन तक दर्ज नहीं हो सकी है। यह पूरा वाक्या दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया जिसके जिंदा सबूत झुठलाये नहीं जा सकते हैं।
प्राप्त समाचार के अनुसार पीड़ित पक्ष ने अलार्म इंडिया न्यूज को घटनास्थल पर जानकारी देते हुए बताया है कि तहसील अलीगंज से कुरावली जाने वाले वाले रोड पर स्थित गांव सरौठ की मैन मार्केट में वहां के जसवंत सिंह राठौर पूर्व प्रधान की अखण्ड प्रताप ट्रेडर्स नाम से मार्केट बनी हुई है, और उसी में उनका खाद बीज एवं फसलों की दवाई का व्यापार संचालित है।
यह भी बताया गया है कि दिनांक 25-3 -2023 को दिन के 2:15 बजे के लगभग बाइकों पर सवार होकर रघुवीर सिंह पुत्र कल्याण सिंह तथा करन व कृष्णकांत उर्फ मुरारी पुत्रगण रघुवीर सिंह निवासी गण नगला बलू थाना जसरथपुर एटा तथा दो अन्य अज्ञात लोग अपने हाथों में लाठी डंडा एवं अवैध शस्त्र लेकर आ पहुंचे और आते ही आते करन व कृष्णकांत दुकान के अंदर घुस गए जिन्होंने वहां मौजूद पूर्व प्रधान जसवंत सिंह के साथ भारी मारपीट करते हुए दुकान में रखे ₹6500 लूट लिए तथा दुकान के बाहर खड़े अवैध शस्त्र धारी अपराधियों ने पूर्व प्रधान के बेटे को घेर कर उसकी वहां मारपीट शुरू कर दी। मारपीट तथा लूटपाट का यह पूरा वाक्या दुकान में लगे सीसीटी कैमरे में कैद हो गया, जिनमें हमलावरों के कारनामे पूरी तरह से कैद हैं।
जसवंत सिंह ने यह भी बताया है कि थाना पुलिस 2 दिन से लगातार रिपोर्ट लिखने में हीला हवाली कर रही है। यदि अपराधियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो निकट भविष्य में मेरी व मेरे परिवारी जनों की हत्या हो सकती है। जिसके लिए पूरी तरह से थाना पुलिस ही जिम्मेवार होगी। उन्होंने यह भी बताया है कि अपराधियों द्वारा की गई भारी मारपीट से मेरे सामने के 4 दांतो में भारी चोटें आई हैं, और दांतों में फैक्चर हो गया है। लेकिन पुलिस ने मेरा डॉक्टरी मुआयना तक नहीं कराया है।