4 हजार बच्चे डीबीटी से वंचित, नहीं बने आधार, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । आधार कार्ड न बनने से जनपद में चार हजार से अधिक बच्चे डीबीटी सुविधा से वंचित हो गए है। उसके पीछे छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड न बनना बताया जा रहा है। बीएसए संजय सिंह ने वंचित बच्चों के आधार कार्ड 31 तक बनवाए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही न बनने की स्थिति पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
आधार कार्ड न बनने में सबसे खराब स्थिति अलीगंज ब्लॉक की है। अलीगंज क्षेत्र के 276 परिषदीय विद्यालय में 28 हजार 628 बच्चे पंजीकृत हैं। इनमें से ब्लॉक क्षेत्र के 1090 छात्र-छात्राओं को आधार कार्ड न बन पाने से डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली सुविधा नहीं मिली है। इसके अलावा अन्य सात ब्लॉकों में आधार कार्ड न बनने के कारण बच्चों को डीबीटी की सुविधा नहीं मिल पा रही है। आधार कार्ड बनवाने के लिए बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी को निर्देशित किया है। बेसिक शिक्षा परिषद के 1699 विद्यालयों में एक लाख 53 हजार छात्र-छात्रायें पंजीकृत हैं, जिसमें से चार हजार बच्चे ही डीबीटी सुविधा पाने से वंचित रह गए हैं। डीबीटी के माध्यम से बच्चों को ड्रेस, जूता-मोजा और स्कूली बैग के लिए सरकार ने पिछले सत्र में 1100 रुपये सीधे बच्चों के अभिभावकों के खातों में ट्रा़ंफसर किये जाते हैं। इसके लिए आधार कार्ड जरूरी है।
जिले के आठ ब्लॉक के चार हजार से अधिक बच्चे डीबीटी सुविधा से वंचित है। इन छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे है। कुछ के प्रक्रिया में है। शेष छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड 31 तक बनवाने को निर्देशित किया गया है। इस कार्य के लिए संबंधित बीईओ को भी लगाया गया है।
संजय सिंह, बीएसए, एटा