अपंजीकृतों के तार स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों से जुड़े हैं। उसकी वजह से इन पर कार्रवाई नहीं हो पा रही, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा, । जैथरा के फरार चल रहे दो झोलाछाप पुलिस-स्वास्थ्य विभाग की पहुंच से दूर बने हुए है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमों ने ब्लॉक जैथरा क्षेत्र में पहुंचकर दो अपंजीकृत क्लीनिक सील किए, चार को नोटिस दिए हैं।
जैथरा के अपंजीकृत क्लीनिक संचालक अरविंद कुमार शाक्य और सूरज पर मृतकों के परिजनों ने एफआईआर दर्ज कराई है। उसके बाद भी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग इन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बताया जाता है अपंजीकृतों के तार स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों से जुड़े हैं। उसकी वजह से इन पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। जैथरा, अलीगंज, राजा का रामपुर क्षेत्र के अपंजीकृतों पर स्वास्थ्य विभाग का काबू नहीं रहा है। उसके पीछे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का भी हाथ है। अपंजीकृत क्लीनिक में गंभीर बीमारियों का इलाज से लेकर प्रसव, गर्भवती के ऑपरेशन खून संबंधी जांच, अल्ट्रासाउंड, एक्सरे जैसी सुविधाएं मुहैया करा रखी है। बीते 15 दिन में जैथरा क्षेत्र के अपंजीकृतों के गलत इलाज से एक बच्चा और एक महिला की मौत हो चुकी है। जिनकी एफआईआर मृतकों के परिजनों ने थाना जैथरा में दर्ज करायी जा चुकी हैं।
दो क्लीनिक सील, 14 अपंजीकृतों को थमाये नोटिस अपंजीकृतों के बढ़ते साम्राज्य को थमने के लिए सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी ने तीन टीमों को लगाया, जिसमें अपंजीकृत नोडल अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार की टीम ने धुमरी में मोहित कुमार और गोला कुंआ में डॉ. धर्मवीर सिंह शाक्य की क्लीनिक सील की है। उन्होंने धुमरी में अपंजीकृत शिवराज सिंह, जैथरा में रोहित कुमार, पवांस में राजू, जैडएच खान को नोटिस दिया। एसीएमओ डॉ. राममोहन तिवारी की टीम ने सात अपंजीकृत क्लीनिक संचालकों को नोटिस देने और एसीएमओ डॉ. ओपी आर्या की टीम ने तीन अपंजीकृतों को नोटिस देने की कार्रवाई की है। कार्रवाई की सूचना मिलन पर कस्बा के अधिकांश अपंजीकृत क्लीनिक बंद कर चले गए। स्वास्थ्य विभाग ने नौ फरवरी से अब तक अभियान चलाकर 25 अपंजीकृत क्लीनिक-पैथोलॉजी-ओटी सील और 47 को नोटिस थमाने की कार्रवाई की है।
अपंजीकृतों के विरुद्ध अभियोग दर्ज होने के बाद जांच की जा रही है। बुधवार शाम बस्ती रोड पर अपंजीकृत क्लीनिक में मृतक महिला का बिसरा जांच को भेजा गया है। बिसरा की जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
रामेन्द्र शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक, जैथरा
शुक्रवार को तीन टीमों को अपंजीकृतों के विरुद्ध कार्रवाई करने को भेजा गया है, जिसमें तीनों टीमों ने दो क्लीनिक सील, 14 को नोटिस देने की कार्रवाई की है। आगे भी इसी तरह से अपंजीकृतों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।
डॉ. उमेश चंद्र त्रिपाठी, सीएमओ, एटा।