
युवक व महिला मंगल दलों को खेल प्रोत्साहन सामग्री का वितरण किया
*मंगल दल देश की समृद्धि का आधार हैं योगी*
इन खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री ने बतौर कोच डेढ़ लाख रुपये महीने के मानदेय पर नौकरी पाने वाले छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। कॉमनवेल्थ गेम्स खिलाड़ी जसविंदर सिंह भाटिया, ओलंपिक खिलाड़ी सैयद अली, एशियन गेम खिलाड़ी रंजना गुप्ता, ओलंपिक खेल चुके हॉकी खिलाड़ी शकील अहमद और हॉकी वर्ल्ड कप खिलाड़ी रजनीश कुमार मिश्र को नियुक्ति पत्र दिया गया। लखनऊ मंडल के विभिन्न जिलों के 12 युवक और महिला मंगल दल को किट भेंट किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि युवक व महिला मंगल दल देश की समृद्धि का आधार हैं। सभी मिलकर प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। युवक और महिला मंगल दल अगर चाह लें तो अपनी ग्राम पंचायतों को आपसी सौहार्द और समन्वय का एक बेहतरीन केंद्र बना सकते हैं। हमारी सरकार गांव में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम और जनपद स्तर पर स्टेडियम बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। अच्छे कोच रखे जा रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को कोच के तौर डेढ़ लाख रुपए मासिक मानदेय दे रहे हैं।
यह बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित युवक व महिला मंगल दलों को खेल प्रोत्साहन सामग्री वितरण समारोह में कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में सरकार ने प्रदेश में 65 हजार युवक व महिला मंगल दलों को स्पोर्ट किट उपलब्ध कराई है। आज 15 हजार स्पोर्ट किट प्रदेश के विभिन्न जनपदों को उपलब्ध कराई गई हैं। अगले वर्ष तक सभी ग्राम पंचायतों को स्पोर्ट किट उपलब्ध करा दी जाएगी। जिन गांवों को नहीं मिल पाया है या उन्हें किसी अन्य स्पोर्ट किट की आवश्यकता पड़ेगी तो उन्हें भी उपलब्ध कराने के कार्यक्रम के साथ आगे बढ़ेंगे। इस मौके पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल मौजूद रहे।
ग्राम सचिवालय से आधार बनाए जाएंगे मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सचिवालय सभी गतिविधियों का केन्द्र बन रहे हैं। सचिवालय में आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र व राशन कार्ड बन रहे हैं। आने वाले समय में आयुष्मान कार्ड और आधार भी उसी माध्यम से बनाने की तैयारी कर रहे हैं। सचिवालय में बैंक सखी भी बैठती है। सचिवालय बैंकिंग की गतिविधि का केन्द्र भी बनेगा।
*उत्तर प्रदेश में बन रहे 30 हजार खेल के मैदान*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयास से गांव-गांव खेल के मौदान बन रहे हैं। वर्तमान में 30 हजार गांव में खेल मैदान बनाने की कार्यवाही चल रही है। उन्होंने मंगल दलों से कहा कि गांव में खेल मैदान बनाने के लिए पंचायत को बाध्य करें। जमीन नहीं है तो बात कर उसकी तलाश करें। यह खेल मैदान तमाम गतिविधियों का केन्द्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलो इंडिया खेलो और फिट इंडिया मूवमेंट के माध्यम से खेल की गतिविधियां बढ़ी हैं। पहले की अपेक्षा आज अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत के खिलाड़ी ज्यादा संख्या में प्रतिभाग कर मेडल प्राप्त कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हमारी सरकार गांव में ही खेल के मैदान और ओपन जिम बना रही है।