
उद्यमियों की समस्याओं का हर हाल में हो समाधान
एटा, । ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में एमओयू हस्ताक्षरित इकाइयों एवं उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला उद्योग बंधु बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने बैठक में उपस्थित उद्यमियों की समस्याओं को सुनकर प्राप्त समस्याओं का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 13 मार्च को आईटीआई प्रांगण में अप्रेंटिश मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें उद्यमी, निवेशक प्रतिभाग कर अप्रिटिश के लिए आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं का चयन कर सकते हैं।
शुक्रवार को डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कहा कि 10 विभागों के 191 एमओयू हस्ताक्षर किए गए हैं। जनपद में इकाई स्थापना के लिए सरकार की ओर से लागू एमएसएमई नीति-2022 के तहत सभी निवेशक लाभ प्राप्त कराए जाएंगे। यदि किसी योजना में किसी प्रकार की कोई कठिनाई महसूस हो रही हो तो उसका त्वरित निराकरण एवं सुझाव उपायुक्त कार्यालय से प्राप्त कर सकते है। जीएमडीआईसी शरद टण्डन को डीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए निवेशकों से स्वयं वार्ता कर इकाइयों की स्थापना के लिए सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में कार्यप्रगति सुधारते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में सीडीओ डॉ. एके बाजपेयी, एडीएम प्रशासन आलोक कुमार, डीएसटीओ प्रदीप कुमार, जीएमडीआईसी शरद टण्डन, बांके लाल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, अधिशासी अभियंतागण, धर्मवीर गहलौत, सौरभ जैन, आलोक जैन, अरूण दीक्षित आदि मौजूद रहे।