
आगरा में 15 वर्षीय किशोरी से दरिंदगी, कांटों पर घसीटा
आगरा, प्रमुख संवाददाता। सिकंदरा क्षेत्र में गुरुवार को 15 साल की किशोरी से दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुराचार के बाद उसका गला घोंटा गया। कांटों भरी झाड़ियों में घसीटा गया। सिर को पत्थर से कूंचने का प्रयास किया गया। आरोपी उसे मरा समझकर जंगल में छोड़कर भाग गए थे। पुलिस ने एक युवक पकड़ा है। उसने हत्या के प्रयास की बात कबूल की है।
किशोरी 10वीं की छात्रा है। गुरुवार दोपहर होली वाले दिन वह घर से कुछ दूर मौसी के यहां जाने की बात कहकर निकली थी। शाम छह बजे तक वह नहीं लौटी तो घरवालों ने मौसी के घर संपर्क किया तो पता चला वो वहां पहुंची ही नहीं। घबराए परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह गांव के जयप्रकाश को जंगल के पास किशोरी को लहूलुहान हालत में देखा। किशोरी के बताए नंबर पर फोन करने पर परिजन पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया है।