
ए-स्कैन मशीन लगने से हो सकेगी मोतियाबिंद मरीजों की निशुल्क जांच
एटा, राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए बाहर से जांच करा रहे मरीजों को शीघ्र राहत मिलने वाली है। मेडिकल कॉलेज में मोतियाबिंद ऑपरेशन को लेंस का नंबर लेने वाली मशीन लगने वाली है। उसके बाद उनको जांच के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा।
मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में ओपीडी शिफ्ट होने के साथ ही नेत्र विभाग में ए-स्केन मशीन लगायी जाएगी। इससे मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने वाले मरीज की निशुल्क जांच हो सकेगी। मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत गरीब मरीजों के निशुल्क ऑपरेशन कराए जा रहे है। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में लगभग दो माह से ए-स्केन मशीन खराब है। इससे मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को बाहर से लेंस का नंबर लेने की जांच करानी पड़ रही है। इसके एवज में उनको ठंडी सड़क तिराहा स्थित नेत्र क्लीनिक में एक हजार से 1200 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में नई ए-स्केन मशीन लगने से मरीजों को बाहर से कराई जा रही जांच से राहत मिल सकेगी।
मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में ए-स्केन मशीन लगाई जाएगी। मशीन आ चुकी है। बिल्डिंग मिलते ही मशीन की स्थापना कराकर मरीजों की निशुल्क जांच कराई जाएगी।
डॉ. विवेक पाराशर, मीडिया प्रभारी, मेडिकल कॉलेज