
कासगंज में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर जान दी
कासगंज, निज संवाददाता। अमांपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में युवती की शादी तय होने से आहत युवक ने पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। ये सुनकर युवती घर में फंदे पर झूल गई। युवती की 22 फरवरी को बारात आनी थी। पुलिस ने घरवालों से बात करके शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
अमांपुर स्थित एक ही गांव के युवक व युवती में प्रेम प्रसंग था। अलग-अलग जाति होने से घरवाले शादी को तैयार नहीं थे। युवती के घरवालों ने उसकी शादी तय कर दी थी। 22 फरवरी को बारात आनी थी। घर में शादी की तैयारियां हो रही थीं। इससे युवक काफी परेशान था। बुधवार रात उसने पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह इसकी जानकारी युवती को हुई तो उसने घर पर कमरे में ही फंदा कसकर जान दे दी। इससे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ सहावर डीके पंत और कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंच गए। एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिस की फील्ड यूनिट व फोरेंसिक टीमों को मौके पर भेज दिया। टीमों ने साक्ष्य एकत्र किए। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस तैनात कर दी गई है।