रेल लाइन विस्तार से 22 लाख लोगों की उम्मीद होगी साकार
एटा, । केन्द्र सरकार के आम बजट में एटा-कासगंज रेलवे लाइन के लिए 287 करोड़ तो अवागढ़ में नई रेलवे लाइन डालने के लिए 42 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बजट में एटा रेलवे के लिए बड़ी धनराशि मिलने से एटा-कासगंज रेलवे लाइन विस्तारीकरण की उम्मीद साकार होती नजर आ रही है।

वर्ष 1959 में टूंडला से एटा तक रेलवे लाइन डलवाने का कार्य पूर्व रेल राज्य मंत्री स्वर्गीय रोहनलाल चतुर्वेदी ने कराया था। तब से आज तक एटा से रेलवे लाइन आगे नहीं बढ़ सकी। प्रतिवर्ष बजट निकट आते ही जनपद के लोगों एटा-कासगंज रेलवे लाइन विस्तारीकरण की मांग को लेकर सांसद, विधायकों से करते थे।
इस बार आम बजट में एटा-कासगंज रेलवे लाइन के लिए 287 करोड रुपये, अवागढ़ रेल स्टेशन पर लूप लाइन के लिए 42 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया है। इसके अलावा जनपद में अन्य रेलवे संबंधित कार्यों के लिए धनराशि बजट में प्रदान की गई है। आम बजट में रेलवे कार्यों के लिए धनराशि मिलने से एटा-कासगंज रेलवे लाइन विस्तारीकरण की उम्मीद साकार होती नजर आ रही है। ऐसा होने पर जनपद के 22 लाख लोगों की उम्मीद 75 वर्ष बाद पूरी होती दिख रही है। ऐसा होने पर जनपद में विकास कार्य और रफ्तार पकड़ेगे। उसके बाद जनपद के लोगों को दूसरे शहरों, महानगरों में नौकरी करने के लिए नहीं जाना पड़ेगा।
आम बजट में एटा कासगंज रेल विस्तार के लिए 276.90 करोड़ रुपया मिला है। साढ़े पांच करोड़ रुपया पटियाली रेलवे स्टेशन पर प्लेट फार्म और शौचालय के लिए मिला है। 42 करोड़ रूपया अवागढ़ से एटा के लिए विद्युत करण के लिए स्वीकृत किया गया है। कासगंज में ट्रेन संख्या 15055 और 15058 का ठहराव होगा।
राजवीर सिंह राजू, सांसद एटा
अभी तक टूंडला तक ही जा पा रहे थे लोग
एटा-कासगंज रेलवे लाइन विस्तार से मुंबई से उत्तराखंड तक जा सकेंगे
एटा-कासगंज रेलवे लाइन विस्तार होने के बाद जनपद के लोग मुंबई से उत्तराखंड तक का सफर ट्रेन के माध्यम से कर सकेंगे। वर्तमान में एटा के लोग आगरा, टूण्डला तक ही जा पा रहे हैं। कासगंज से जुड़ने के बाद बरेली होते हुए उत्तराखंड तक ट्रेनों का संचालन सुगम हो सकेगा। दूसरी ओर कासगंज की ओर से ट्रेनों का संचालन आगरा तक हो सकेगा। जहां से मुंबई, दिल्ली सहित अन्य ट्रेन मार्गों पर आवागामन सुलभ हो सकेगा।
75 वर्ष लंबा इंतजार हो जायेगा खत्म
एटा, कासगंज-एटा विस्तारीकरण की मांग को लेकर लगभग 75 वर्ष का समय बीत चुका है। उसके बाद केन्द्र सरकार के आम बजट 2023 में रेलवे को 300 करोड़ से अधिक की धनराशि का प्रावधान बजट में किया गया है। उससे एटा-कासगंज रेलवे लाइन विस्तारीकरण की उम्मीद बढ़ गई है। ऐसा होने पर जनपदवासियों की 75 वर्ष पुरानी मांग पूरी हो जाएगी। जिससे लोगों का रेलवे लाइन विस्तार का इंतजार खत्म हो जाएगा।
एटा-कासगंज ट्रैक जुड़ने से आगरा बरेली को लाभ
एटा और कासगंज का रेलवे ट्रैक जोड़ने के बाद आगरा बरेली को सबसे बड़ा लाभ मिलेगा। क्योंकि अभी ट्रेन से यात्रा करने वालों के लिए बरेली से आगरा पहुंचने में लंबा समय लगता है। अगर यह ट्रैक जुड़ गया और ट्रेनों का संचालन शुरू हो हुआ तो मात्र 225 किलोमीटर में यात्रा कर बरेली आगरा पहुंच सकेंगे। अभी तक रेलवे से यात्रा करने में आगरा से मथुरा सिकंदराराऊ होते हुए बरेली तक बजे ट्रेन जाती है। समय के साथ किराए में भी काफी बचत होगी।