डीएम ने सोशल सेक्टर, कन्या सुमंगला योजना,छात्रवृत्ति,पैंशन की समीक्षा बैठक
शासन द्वारा संचालित योजनाओं से पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर अपेक्षित कार्यवाही की जाए
वृद्धाश्रम में वृद्धजनों की बेहतर ढंग से देखभाल सुनिश्चित करने हेतु लगाए जायेंगे सीसीटीवी कैमरे-डीएम

एटा ~ एटा आज दिनांक 19 जनवरी जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरूवार को अपरान्ह में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, रानी लक्ष्मीबाई
योजना, उभयलिंगी योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, एससी एसटी अनुश्रवण समिति, आवासीय वृद्धाश्रम,दिव्यांगजन समिति आदि की समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। डीएम ने बैठक में निर्देश दिए कि सीएम बाल सेवा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का पारदर्शिता के साथ चिन्हांकन कर उन्हें लाभान्वित किया जाए।
विधवा पैेंशन,दिव्यांग पैंशन, वृद्धापैंशन योजना के तहत लाभार्थियों का सत्यापन करते हुए आधार एकत्रीकरण कर फीडिंग कराएं।
डीएम ने कहा कि कन्या सुमंगला योजना के तहत लंबित 417 आवेदन पत्रों को अतिशीघ्र खण्ड विकास अधिकारी अलीगंज, उप जिलाधिकारी एटा सदर द्वारा निस्तारित किया जाए।
रानी लक्ष्मीबाई योजना के तहत 237 प्राप्त आवेदन पत्रों में से लंबित आवेदन पत्रों का निस्तारण किए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उभयलिंगी योजना के
तहत जनपद में समाज कल्याण विभाग द्वारा डाटाबेस तैयार कर योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत अभी तक सिर्फ 25 बच्चों का पंजीकरण हुआ
जो काफी कम है, इस योजना का ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार करें जिससे कि जनपद के होनहार छात्र कोचिंग ले सकें। शहर के कासगंज रोड स्थित वृद्धाश्रम का सफल संचालन किया जाए, इसके लिए आवश्यक है कि वृद्धाश्रम में सीसीटीवी कैमरे लगाकर माॅनीटरिंग की जाए।
इस अवसर पर सीडीओ डॉ एके बाजपेयी, एसटीओ गजेन्द्र सिंह, एसीएमओ, क्षेत्राधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी,जिला विद्यालय निरीक्षक,प्रोबेशन अधिकारी, दिव्यांगजन अधिकारी आदि अन्य संबंधित विभागीय अधिकारीगण, कर्मचारीगण, समिति के सदस्यगण आदि मौजूद रहे।