अधेड़ उम्र के लोगों को अपने हुस्न के जाल में फंसाती थी पत्नी, फिर पति करता था ब्लैकमेलिंग, गिरोह का पर्दाफाश

अधेड़ उम्र के लोगों को अपने हुस्न के जाल में फंसाती थी पत्नी, फिर पति करता था ब्लैकमेलिंग, गिरोह का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश के आगरा में युवती पहले फोन करके व्यापारियों को जाल में फंसाती थी और मिलने बुलाती थी। उसके साथी पहले से जाल बिछाकर रखते थे और अश्लील फोटोग्राफ खींच लेते थे। उसके पास बदनाम करने का भय दिखाकर रंगदारी मांगते थे। जगनेर के एक आढ़ती से पांच लाख रुपये वसूले गए। पंद्रह लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। चर्चा है कि गैंग ने खेरागढ़ सर्किल के कई व्यापारियों को अपना शिकार बनाया है।
सीओ खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि जगनेर निवासी 58 वर्षीय केशव सिंह ने जगनेर थाने पर शिकायत की थी। पुलिस को बताया कि तीन नवंबर की शाम करीब चार बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी जगनेर मंडी में आढ़त है। तांतपुर रोड पर गांव भुम्मा मोड़ पर रूपेंद्र, मनीष पहलवान और भूपेंद्र शर्मा ने उन्हें रोक लिया। उन्हें अंदर जंगल की तरफ ले गए। वहां उनके मुंह पर कुछ डाल दिया। वह बेहोश हो गए। जंगल में एक युवती पहले से मौजूद थी। आरोपियों ने युवती के साथ उनके आपत्तिजनक फोटोग्राफ ले लिए। होश आने पर उन्हें फोटो दिखाए। वायरल करके बदनाम करने की धमकी दी। मामला रफा-दफा करने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे।
उन्होंने एक सेठ को फोन किया। सेठ से पांच लाख रुपये उधार मांगे। सेठ ने रुपये लेने उन्हें अपने ठिकाने पर बुलाया। तीनों आरोपित उन्हें साथ लेकर गए। सेठ से रुपये मिलने के बाद आरोपियों ने उनसे छीन लिए। उन्हें सड़क पर छोड़कर चले गए। पिछले दिनों आरोपियों ने उन्हें फिर रोक लिया। जान से मारने की धमकी दी। पंद्रह लाख रुपये और मांगे। पीड़ित के पास इतने रुपये नहीं थे। उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की।

बदनामी के डर से वह खामोश रहे

पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला हनी ट्रैप का निकला। पुलिस को जनकारी मिली कि बसेड़ी (धौलपुर) की 30 वर्षीय युवती और उसका कथित पति भी इस गैंग के सदस्य हैं। युवती फोन करके पैसे वाले लोगों को अपने जाल में फंसाती है। मिलने बुलाती है। जहां मिलने बुलाती है वहां गैंग के सदस्य पहले से छिपे होते हैं। अश्लील फोटो खींच लेते हैं। ब्लैकमेल करके रंगदारी वसूलते हैं। खेरागढ़ सर्किल के कई व्यापारियों के साथ इस तरह की घटना हो चुकी है। उनसे कम रकम वसूली गई थी। बदनामी के डर से वह खामोश रहे। आढ़ती केशव सिंह से पांच लाख रुपये वसूले गए थे। पंद्रह लाख रुपये और मांगे जा रहे थे। इसलिए वह घबरा गए। पुलिस से शिकायत की।

गंभीर धाराओं में भेजा जेल

सीओ खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने ग्राम मेवला, जगनेर निवासी भूपेंद्र शर्मा व गांव भुम्मा निवासी रूपेंद्र को जेल भेजा है। आरोपियों के खिलाफ बंधक बनाना, रंगदारी वसूलना, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी, समान आशय की धारा के तहत मुकदमा लिखा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपित युवती को भी इस मुकदमे में आरोपित बनाया जाएगा। उसके कथित पति के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कब्जे में लिए मोबाइल

आरोपियों ने मोबाइल से आढ़ती की फोटोग्राफ डिलीट कर दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल कब्जे में लिए। उन्हें डेटा रिकवरी के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। ताकि वे फोटोग्राफ भी रिकवर किए जा सकें जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वसूली की जा रही थी।

शहर से हो गया था डॉक्टर का अपहरण

जुलाई 2021 में ट्रांसयमुना कालोनी निवासी वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर उमाकांत गुप्ता का अपहरण हुआ था। वह हनी ट्रैप का शिकार हुए थे। एक युवती ने पहले उनसे दोस्ती की थी। मिलने बुलाया था। वह युवती को कार में ड्राइव पर लेकर जा रहे थे। रास्ते में युवती के साथियों ने उन्हें घेर लिया था। अपहरण के बाद उन्हें राजस्थान ले जाया गया था। पुलिस ने उन्हें सकुशल मुक्त कराया था। डॉक्टर से पहले सिकंदरा क्षेत्र के एक युवक का इसी तरह अपहरण हुआ था। सोशल मीडिया पर दोस्ती करके एक युवती ने युवक को जाल में फंसाया था। वह भी हनी ट्रैप का शिकार हुआ था।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks