
मलावन गोशाला में 24 घंटे तक नहीं मिला गोवंशों को चारा
एटा – गोवंशों को लेकर रोजाना परेशानियां बढ़ती जा रही है। अभी कुछ दिन पहले जलेसर क्षेत्र की गोशाला में चारे की समस्या सामने आई थी। शनिवार को मलावन गोशाला में चारा की कमी देखी गई। 24 घंटे से गोशाला के गोवंश बिना चारे के रह रहे थे। दोपहर तक चारा ना मिलने से कई गोवंश परेशान दिखे।
शनिवार को हिन्दुस्तान की टीम ने मलावन स्थित अस्थाई गोशाला का हाल देखा। गोशाला में गोवंशों के लिए न तो भूसा था और ना ही हरा चारा। इसके कारण गोशाला में बनी नादें पूरी तरह से खाली पड़ी हुई थी। वहीं भूखे गोवंश गोशाला प्रांगण में खड़े, बैठे थे। इसके साथ ही एक बीमार गोवंश टीनशेड के दरवाजे पर पड़ा था। गोवंश को देखकर ऐसा मालूम हो रहा था कि वह पिछले कई महीनों से बीमार हो। बीमारी के कारण उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। इसके साथ ही एक गोवंश के पेट पर बड़ा घाव सा घाव था।
मलावन गोशाला के लिए हरा चारा एवं भूसा कासगंज के सोरों से आता है। रास्ते में चारा लाने वाला वाहन खराब हो गया। इसके कारण चारा आने में थोड़ी देरी हो गई। गोशाला में जो पशु बीमार है उनका नियमित उपचार कराया जा रहा है।
-डॉ. अनिल कुमार मित्तल, सीवीओ एटा