विधानसभा उपचुनाव की 7 में से 4 सीटें BJP जीती, कांग्रेस पस्त-AAP का जमानत जब्त, बिहार में RJD, तेलंगाना में TRS और महाराष्ट्र में उद्धव गुट जीती

विधानसभा उपचुनाव की 7 में से 4 सीटें BJP जीती, कांग्रेस पस्त-AAP का जमानत जब्त, बिहार में RJD, तेलंगाना में TRS और महाराष्ट्र में उद्धव गुट जीती

देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आ गए हैं. इनमें से 4 सीटें भाजपा ने जीती हैं. भारतीय जनता पार्टी का प्रदर्शन बेहतर दिखा, जबकि कांग्रेस काफी कमजोर दिखाई दी. सबसे बड़ा झटका AAP को लगा है. पंजाब में जीत के बाद आम आदमी पार्टी में काफी उत्साह देखने को मिला था. पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल लगातार अन्य राज्यों में पार्टी को मजबूत बनाने में जुटे हैं, लेकिन उनके गृहराज्य हरियाणा में ही आप प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई. उत्तर प्रदेश में भी यही हाल दिखा जिस पर बीजेपी ने कटाक्ष किया है.

उत्तर प्रदेश की गोला गोकर्णनाथ, बिहार की गोपालगंज, ओडिशा की धामनगर और हरियाणा की आदमपुर सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है. वहीं, बिहार की मोकामा सीट पर RJD कैंडिडेट और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी जीत गई हैं. तेलंगाना में TRS और महाराष्ट्र में उद्धव की पार्टी जीती है. सभी सीटों पर 3 नवंबर को वोटिंग हुई थी.

लखीमपुर खीरी की गोला गोकर्णनाथ सीट पर हुए उपचुनाव में BJP कैंडिडेट अमन गिरी ने बड़ी जीत हासिल की है. उन्होंने सपा कैंडिडेट विनय तिवारी को 34,298 वोट के अंतर से हराया है. मार्जिन में उन्होंने अपने पिता अरविंद गिरी का रिकार्ड भी तोड़ दिया है. 2022 में अरविंद गिरी ने सपा के विनय तिवारी को 29294 वोटों के मार्जिन से हराया था. AAP कैंडिडेट की जमानत जब्त हो गई.

हरियाणा के हिसार जिले में आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में BJP कैंडिडेट भव्य बिश्नोई जीत गए है. उन्हें 16,606 वोटों से जीत मिली है. भव्य पूर्व CM भजनलाल परिवार की तीसरी पीढ़ी से हैं, जो चुनाव लड़े. जीत का पता लगते ही भव्य के समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए पटाखे फोड़कर जश्न मनाना शुरू कर दिया है. पिछली बार उनके पिता कुलदीप बिश्नोई यहां से जीते थे. हालांकि कांग्रेस छोड़ने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था जिसके बाद यह उपचुनाव करवाने पड़े. यहां भी आप कोई अच्छा संकेत नही दे पाई.

बिहार में उपचुनाव में महागठबंधन और BJP की लड़ाई बराबर पर रही. मोकामा में RJD के कैंडिडेट और गोपालगंज में BJPकी कैंडिडेट की जीत हुई है. मोकामा में बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने BJP की सोनम देवी को 16,707 वोटों से हराया है. यहां आरजेडी को 79,646 और BJP को 62,939 वोट मिले. पिछली बार की जीत की मार्जिन कम हुई है.

गोपालगंज में BJP की कुसुम देवी ने आरजेडी के मोहन गुप्ता को आखिरी राउंड में 2183 वोट से हरा दिया. आखिरी राउंड तक यहां पर कांटे की टक्कर रही. गोपालगंज में BJP की कुसुम देवी शुरू से ही बढ़त बना ली थीं. 20वें राउंड में आरजेडी के मोहन गुप्ता आगे निकल गए. उन्होंने 1135 वोट की बढ़त ले ली, लेकिन 22वें राउंड में फिर BJP आगे निकल गई. आखिरी 24वें राउंड तक BJP ने बरकरार रखी और जीत दर्ज की.

ओडिशा की धामनगर विधानसभा सीट पर BJP ने जीत दर्ज की. BJP विधायक बिष्णु चरण सेठी का निधन होने की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया गया. BJP ने यहां से दिवंगत विधायक बिष्णु चरण सेठी के बेटे सूर्यवंशी सूरज को अपना कैंडिडेट बनाया. वहीं, बीजद ने यहां अबंती दास को अपना कैंडिडेट बनाया था.

अंधेरी ईस्ट सीट से शिवसेना-उद्धव गुट की ऋतुजा लटके जीत गई हैं. लटके को कांग्रेस और NCP ने अपना समर्थन दिया था. रमेश लटके के आकास्मिक निधन के चलते यह सीट खाली हुई थी. शिवसेना के उद्धव गुट ने उनकी पत्नी को टिकट दिया है. BJP ने इस सीट पर बिजनेसमैन मुरजी पटेल को कैंडिडेट बनाया था. वहीं, एकनाथ शिंदे गुट ने भी मुरजी को समर्थन देने का ऐलान किया था. नामांकन दाखिल करने के 4 दिन बाद BJP ने अपने कैंडिडेट का नामांकन पीछे ले लिया. BJP ने कहा कि वो एक विधवा के सामने चुनाव लड़कर महाराष्ट्र की संस्कृति को बदनाम नहीं करना चाहते हैं.

तेलंगाना में मुनूगोड़े विधानसभा सीट पर TRS ने BJP के कैंडिडेट को हरा दिया है. इन दोनों पार्टियों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखा गया. यह सीट कांग्रेस विधायक कोमातीरेड्डी राज गोपाल रेड्डी के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी. गोपाल रेड्डी अब BJP के साथ हैं और उसी पार्टी से चुनाव लड़े. TRS के पूर्व विधायक कुसुकुंतला प्रभाकर रेड्डी थे, जोकि चुनाव जीत चुके हैं. कांग्रेस से पलवई श्रावंथी भी मैदान में थे.

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks