*”स्कूल की यादें होंगी ताजा, शहीद के गांव में आज राज्यपाल, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा – महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोशियारी का कासगंज से गहरा नाता है। वह यहां काफी दिनों तक शिक्षण कार्य के लिए रहे हैं। यहां के सरस्वती स्कूल में उन्होंने शैक्षिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा दिया है। अब वह यहां राज्यपाल के रूप में पहली बार आ रहे हैं। वह पटियाली इलाके में क्रांतिकारी अमर शहीद महावीर सिंह राठौर के गांव में भी पहुंचेंगे। राजभवन से जिला प्रशासन के लिए जारी हुए कार्यक्रम के मुताबिक शनिवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल बरेली से हेलीकाप्टर द्वारा आठ बजकर 50 मिनट पर राजा का रामपुर पहुंचेंगे। वहां अमर शहीद महावीर सिंह राठौर की प्रतिमा पर माल्यार्पण व हुकुम सिंह राठौर की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
राजा का रामपुर के रामभरोसे लाल इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वह 11 बजकर 20 मिनट पर हेलीकाप्टर से सोरों स्थित पुलिस लाइन पहुंचेंगे। उसके बाद राज्यपाल अमांपुर रोड स्थित सूरज प्रसाद डागा इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद सोरों पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। शाम को कासगंज के राव महेंद्र मान सिंह सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। शनिवार शाम ही वह हेलीकाप्टर से बरेली के लिए रवाना होंगे। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शुक्रवार शाम को हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल किया।