
सड़क किनारे उड़ती धूल में खुली बिकीं मिठाइयां
एटा।जैथरा। भाई दूज के अवसर पर मिठाई विक्रेताओं ने सड़क के किनारे काउंटर लगा लिए। सड़क से उड़ती धूल और गंदगी इन मिठाइयों पर छाती रही, इसके बावजूद खुली ही रखकर मिठाई बेची गई। भाई-बहन के प्यार के त्योहार भाई-दूज पर बहनें अपने भाइयों को देने के लिए मिठाई जरूर खरीदती हैं। ऐसे में मिठाई की बंपर मांग रहती है। इसका फायदा उठाते हुए जहां मिठाई विक्रेता मिलावटी मिठाई खपाते हैं। वहीं सफाई के मानकों का भी पालन नहीं करते।
बुधवार को भी कस्बे के नामचीन मिष्ठान विक्रेताओं के यहां भी सफाई मानकों का उल्लंघन होते नजर आया। सड़कों के किनारे पर खुले में मिठाई रखकर बेची जा रही थी। जबकि वाहनों के गुजरते ही धूल उड़कर मिठाई पर छा जाती थी। जिम्मेदारों ने भी इस मनमानी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. श्वेता सैनी ने बताया कि दिवाली से पहले शासन के निर्देश पर अभियान चलाया गया था। अवकाश के बाद फिर छापामार और जागरूकता कार्रवाई की जाएगी