*मेडिकल कालेज से हटाये जाएंगे जिला चिकित्सालय के कर्मचारी, रिपोर्ट योगेश मुदगल

एटा।वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में कार्य कर रहे जिला अस्पताल के तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हटाए…
वीरांगना अवंतीबाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में कार्य कर रहे जिला अस्पताल के तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हटाए जाएंगे। उनको मेडिकल कालेज से स्वास्थ्य विभाग में भेजने के निर्देश शासन से दिए गए हैं।
मेडिकल कालेज में जिला चिकित्सालय, महिला जिला चिकित्सालय के दस चिकित्सकों के सहित 70 प्रथम, द्वितीय और तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। जिसमें से तृतीय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मेडिकल कालेज से हटाने के निर्देश शासन से दिए है। इनको हटाने के पीछे शासन ने मेडिकल कालेज में आउटसोर्सिग स्टाफ पूरा होना बताया है, जिसकी वजह से मेडिकल में लगभग डेढ़ वर्ष से कार्यरत पीएमएस संवर्ग के तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग में भेजे जाने हैं। इसकी सूचना मिलते ही काम कर रहे तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। शासन से अभी तक प्रथम और द्वितीय श्रेणी अधिकारी, चिकित्सकों को हटाने के लिए निर्देश नहीं दिए हैं।
शासन ने प्रदेश में निर्माणाधीन सभी मेडिकल कालेज से जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल के तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मी हटाने के निर्देश दिए हैं। अभी शासन से प्रथम, द्वितीय श्रेणी अधिकारी, चिकित्सकों को हटाने के लिए नहीं कहा है।- डॉ. राजेश अग्रवाल, सीएमएस, मेडिकल कालेज पुरुष विंग, एटा।
मेडिकल कालेज से जिला अस्पताल के तृतीय, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हटाकर स्वास्थ्य विभाग में भेजने संबंधी शासनादेश की उनको जानकारी नहीं है। न ही प्राचार्य के स्तर से इस तरह का कोई नोटिस, आदेश जारी किया गया है।-डा. विवेक पाराशर, मीडिया प्रभारी, मेडिकल कालेज, एटा।