औरैया में भीषण सड़क हादसा, कार और कंटेनर की टक्कर में तीन की मौत, दो घायल

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से सड़क हादसे की दर्दनाक खबर सामने आई है।यहां इटावा से कानपुर की ओर जा रही कार औरैया कोतवाली क्षेत्र के मिहौली गांव के सामने हाईवे पर कंटेनर में जा घुसी।कार की रफ्तार तेज होने से हादसे में कार सवार दंपती समेत तीन की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के शव पोस्टमार्म के लिए और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।घटना की जानकारी मिलते ही एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार मैनपुरी जिले के अग्रवाल गली करहल रोड निवासी संतोष गुप्ता हृदय रोग से पीड़ित थे। सोमवार को वह पत्नी किरन गुप्ता और बेटे आकाश गुप्ता, पुत्री आरती गुप्ता, रेनू गुप्ता के साथ कानपुर जा रहे थे।जैसे ही ये लोग कार से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे से कानपुर-इटावा हाईवे पर उतरे तभी मिहौली के पास पहुंचते ही कार कंटेनर में पीछे से जा टकराई।सड़क हादसे में 22 वर्षीय आरती, 46 वर्षीय संतोष, 44 वर्षीय किरन की मौके पर मौत हो गई। जबकि बेटा आकाश और रेनू घायल हो गए।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।हालत गंभीर होने पर घायलों को सैफई रेफर किया गया है।एसपी ने बताया कि संतोष का परिवार कानपुर इलाज के लिए जा रहा था। सुबह साढ़े आठ बजे के करीब हादसा हुआ है।