
पिटाई से क्षुब्ध छात्र ने फंदा लगा दी जान, परिजन ने थाने के बाहर शव रख लगाया जाम
एटा – जलेसर। सकरौली गांव में शुक्रवार दोपहर एक छात्र ने पिटाई से आहत होकर फंदा लगाकर जान दे दी। आरोप है कि गांव की एक लड़की के फोटो खींचने पर उसकी पिटाई की गई थी। उसके परिजनों का कहना है कि छात्र की अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई थी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के विरोध में आक्रोशित लोगों ने थाने के बाहर शव रखकर करीब दो घंटे जलेसर-फिरोजाबाद मार्ग को जाम रखा।
सकरौली निवासी रामदास का 15 वर्षीय पुत्र हरिओम गांव स्थित एसबीएस इंटर कॉलेज में 11वीं कक्षा में पढ़ता था। इसी कक्षा में क्षेत्र के ही एक अन्य गांव की एक किशोरी भी पढ़ती है। आरोप है कि हरिओम ने किशोरी के फोटो खींच लिए। इसका पता लगते ही किशोरी ने अपने भाइयों व परिजन को बुला लिया। उन्होंने हरिओम को चप्पलों से पीटा। इससे आहत होकर उसने घर आकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हरिओम के परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने उसकी पिटाई करने के साथ ही आपत्तिजनक वीडियो बना ली थी और वायरल करने की धमकी दी गई थी। इससे परेशान होकर उसने आत्महत्या की है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव थाने के सामने रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा देते हुए शाम 5 बजे जाम खुलवाया। सकरौली थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि परिजन द्वारा जो आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी भी जांच की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा भेजा गया है।