
कठौली खाद केंद्र पर हो रही जमकर वसूली
एटा। जिले में डीएपी की मांग बढ़ने लगी है। किसान काफी संख्या में डीएपी लेने के लिए किसान सेवा केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। लेकिन कुछ केंद्रों पर डीएपी के लिए एमआरपी रेट से अधिक रुपये वसूले जा रहे हैं। सोमवार को कठौली केंद्र पर अधिक पैसा लेने का विरोध करते हुए किसानों ने हंगामा किया। इसका एक वीडियो भी वायरल हो गया।
ग्राम कठौली में स्थित खाद केंद्र पर किसानों से डीएपी के लिए 1600 रुपये वसूले जा रहे थे। इसको लेकर किसानों ने हंगामा काट दिया। केंद्र पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ उनकी नोकझोंक हो गई। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वहीं बाजार में डीएपी के खुले रेट 1370 रुपये प्रति पैकेट हैं। उसके बाद भी यहां पर किसानों से जमकर रुपये वसूले जा रहे थे।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह ने कहा कि कठौली में रेट से अधिक रुपये वसूलने का मामला संज्ञान में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।