
बुंदेलखंड में सपा बसपा व कांग्रेस सन्नाटे में, भाजपा ने दिखाया दम: बांदा जिले की सल्तनत में मंत्रियों की नूरा कुश्ती.!!*
बुंदेलखंड में बीते विधानसभा चुनाव में पिछड़ने के बावजूद विपक्षी दल सबक नहीं ले रहे हैं। निकाय चुनाव की आहट और 2024 में लोकसभा चुनाव को लेकर जहां भाजपा तैयारी में जुटी है, वहीं कांग्रेस, सपा और बसपा सन्नाटे में हैं। किसी भी बड़ी घटना या विकास की बात पर भाजपा ही आगे रहती है। बुंदेलखंड में अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए भाजपा ने प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग भी चित्रकूट में रखा, जिससे माहौल बनाया। बांदा और चित्रकूट जिले में सपा ने एक-एक सीट जरूर जीती, लेकिन किसी भी चित्रकूट छोड़ बाकी जगहों पर मुद्दों को लेकर मौन जमीनी असर बताने को काफी है।
बतौर बानगी बांदा में हाल की में मरका में यमुना नदी में हुए नाव हादसे की बात करें तो भाजपा के मंत्रियों का जमघट नजर आया। दूसरे दिन सपा के एकमात्र बबेरू विधायक विशंभर सिंह यादव व पूर्व मंत्री विशंभर निषाद जरूर पहुंचे। जिले को झकझोर देने वाली घटना में सपाई सिर्फ सांत्वना देने तक सीमित रहे। इससे इतर भाजपा से जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद घटना वाले दिन ही पहुंचे और रात तक मौके पर डटे रहे। अगले दिन एमएसएमई मंत्री राकेश सचान, केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, मंत्री संजय निषाद पहुंचे। इससे भाजपाइयों की सक्रियता साफ दिखी। खोई जमीन तलाश रही कांग्रेस की हालत बुंदेलखंड में पतली है। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर भी आमजन की समस्या, मुद्दे पर कोई नहीं निकल रहा। वैसे, यहां पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी जरूर सक्रिय हैं। ऐसे ही विकास कार्यों को लेकर दो दिन पहले हुई बैठक में एकमात्र सपा विधायक विशंभर सिंह यादव नहीं पहुंचे। पिछली बैठक में सम्मान नहीं मिलने की बात कहकर बहिष्कार कर दिया था। वह कहते हैं, मुझसे वरिष्ठ कोई विधायक नहीं है और उनका नाम क्रम में नहीं रखा जाता। सिर्फ अपमानित होने को नहीं जाऊंगा। प्रशासन सत्ता के इशारे पर चल रहा।
संगठन को मजबूत करने के साथ आमजन की समस्याएं उठा रहे। बुंदेलखंड में विकास कांग्रेस की देन है। कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है। बड़ी संख्या में युवा पार्टी से जुड़ रहे हैं l—–प्रद्युम्न दुबे, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
सपा की जिला इकाई अभी भंग है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद जिला इकाई घोषित की जाएगी। आमजन के मुद्दों पर सपा ही आवाज उठाती है। हर वर्ग भाजपा से परेशान है।—– विशंभर सिंह यादव, सपा विधायक बबेरू।
ज्वलंत मुद्दों और आमजन की समस्याओं को लेकर ज्ञापन के जरिये शासन तक बात पहुंचाई जाती है। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।—– गुलाब सिंह वर्मा, जिलाध्यक्ष, बसपा
जनता के बीच जाने का अभियान लगातार चल रहा है। तिरंगा यात्रा के बाद अब प्रबुद्ध सम्मेलन करा रहे हैं। इसके बाद छात्र-छात्राओं के सम्मेलन की तैयारी है। भाजपा कार्यकर्ता एक भी दिन घर में नहीं बैठता है।—-संजय सिंह, जिलाध्यक्ष, भाजपा