यूपी (बदायूं) : खाकी पर उतारा गुस्सा ! भीड़ ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, इंस्पेक्टर घायल

ज़िले में 17 साल के एक लड़के की किडनैपिंग के बाद हत्या कर दी गई। गायब होने के 13 दिन बाद लड़के की लाश मिली। हत्या से गुस्साई भीड़ गांव में पुलिस के पहुंचते ही हमलावर हो गई। पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसमें एक इंस्पेक्टर और एक सिपाही को चोटें आईं हैं। फिलहाल गांव में पुलिस फोर्स तैनात है।
मामला वजीरगंज इलाके के गांव पेपल की है। यहां रहने वाले जयपाल का बेटा सुखवीर 24 जुलाई को लापता हो गया था। 3 दिन तक तलाशने के बाद परिवार को उसके बारे में कुछ पता नहीं चला। 27 जुलाई को वजीरगंज थाना पुलिस ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कर ली।
28 जुलाई को सुखवीर के भाई सुनील कुमार ने अपहरण की आशंका जताते हुए पास के गांव बरखेड़ा के कोमिल समेत उसकी पत्नी सुखदेई, रामपाल व कल्लू पर आरोप लगाए। इसके बाद एफआईआर में अपहरण की धारा बढ़ाई गई।
हालाँकि 31 जुलाई को पुलिस ने दावा किया कि सुखवीर की लोकेशन दिल्ली में मिली है। परिजन पुलिस को लेकर दिल्ली गए। मगर बताए गए इलाके में सुखवीर का कोई सुराग नहीं लगा। टीम थक-हारकर लौट आई। आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, लेकिन पुलिस उनसे राज नहीं उगलवा सकी।
शनिवार सुबह तकरीबन 10 बजे सुखवीर की लाश खेतिहर इलाके में मिली। बताया जा रहा है कि धारदार हथियार से उसकी हत्या की गई है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेना चाहा। इधर, परिजन पुलिस को देख आपा खो बैठे। गांव वालों का कहना था कि पुलिस अगर मामले को गंभीरता से लेती तो किशोर की जान बच जाती।
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम को घेरकर पिटाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह समेत सिपाहियों को दौड़ाकर पीटा गया। पुलिस गांव से बाहर की तरफ भागी। मगर पुलिस वाले खुद को बचा नहीं सके। फिलहाल पुलिस की गांव के बाहर तैनाती की गई है।