उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एक निर्माणाधीन पुल का पिलर और गार्डर गिर गया है. पिलर गिरने की वजह से कई श्रमिक घायल हो गए हैं. इस हादसे में 2 श्रमिकों की मौत हो गई है. हादसे में तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल गए हैं. यह पुल एटा बाईपास के निर्माण के लिए बनाया जा रहा है.
अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर शाम यह हादसा हुआ है. निर्माणाधीन पुल के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है. जैसे ही पुलिस का गार्डर गिरा लोगों ने चीख-पुकार मचानी शुरू कर दी. आनन-फानन में राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया.
पुल के नीचे कुछ गाड़ियां भी दब गई हैं. अभी तक यह अनुमान नहीं लगाया जा सका है कि पुल के भीतर कितने लोग दबे हो सकते हैं. अभी तक 4 मजदूरों को निकाल लिया गया है, वहीं दो श्रमिकों की मौत हो गई है. प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है.
यह हादसा शुक्रवार शाम को हुआ है. हादसे की सूचना पाकर स्थानीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिसके बाद मजदूरों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया. अधिकारियों ने मजदूरों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भेज दिया है.
बेहद वजनी गार्डर के नीचे एक कार भी दब गई, जिसमें लोगों को बचाने के लिए 2 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया. प्रशासन ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं. जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.