
आज बम-बम भोले से गूंजें शिवालय
एटा। सावन माह के पहले सोमवार के चलते मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। शहर के कैलाश मंदिर में फूल बंगला सजाया जाएगा। मंदिर के निचले हिस्से में हवन किया जाएगा। वहीं सवा लाख महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया जाएगा। भगवान महादेव को भोग लगाकर साधु-संतों का भंडारा किया जाएगा। वहीं भक्तों ने भी पूजन के लिए तैयारियां की हैं। कांवड़िये लगातार गंगाजल लेकर गुजर रहे हैं। सोमवार को तड़के से ही बम-बम भोले की गूंज से शिवालय गूंजेंगे।
शहर और देहात क्षेत्र के शिव मंदिरों में सावन के पहले सोमवार को लेकर पूरे दिन तैयारियां चलीं। मंदिरों की रंगाई-पुताई पहले ही करा ली गई थी। साज-सज्जा, विद्युत झालरों और लाइटिंग का काम रविवार को कराया गया। शहर के कैलाश मंदिर, भगवान परसोंन नाथ मंदिर, जलेसर के पूर्ण इच्छेश्वर महादेव मंदिर, अलीगंज के शिवालय मंदिर में विशेष तैयारियां की गईं। इनके अलावा अन्य छोटे-बड़े मंदिरों में भी पूजा-अर्चना और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां चलीं।
सुबह 4 बजे खुलेंगे कैलाश मंदिर के पट
कैलाश मंदिर के महंत धीरेंद्र कुमार झा ने बताया कि सुबह 4 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे। साफ-सफाई के बाद 4:30 बजे आरती की जाएगी। इसके साथ ही भक्तों के लिए दर्शन और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हो जाएगा। दोपहर 1 बजे तक श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सुबह 7 से 10 बजे तक पूजन का विशेष मुहूर्त है। दोपहर 1 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। शाम 5 बजे फिर खोले जाएंगे। इसके बाद भक्तों को भगवान शिव के शृंगार दर्शन का पुण्य लाभ मिलेगा। शाम 7:30 बजे संध्या आरती और रात 9 बजे आरती की जाएगी। 11 बजे मंदिर के पट बंद किए जाएंगे।
सड़कों पर कांवड़ियों की बिखरी सतरंगी छटा
रविवार को सड़कों पर कांवड़ियों की सतरंगी छटा बिखरी। अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए कांवड़ियों के पास यही आखिरी दिन था। ऐसे में रविवार को अब तक की सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई। जत्थों में कांवड़िये विभिन्न मार्गों से होते हुए शिवालयों की ओर जा रहे थे। सोरों गंगाघाट से जल लेकर कांवड़िये शहर में प्रवेश कर रहे थे। हाथों में कांवड़ थामे पैरों में घुंघरू बांधकर मुंह से बम-बम भोले के जयकारे गुंजायमान करते हुए आगे बढ़ते जा रहे थे। शिवभक्ति के आगे उन्हें उमस भरी गर्मी विचलित नहीं कर पा रही थी।
शहर में भारी और चार पहिया वाहनों की नो एंट्री
कांवड़ यात्रा और सोमवार को लेकर शहर में रूट डायवर्जन किया गया है। आगरा रोड, शिकोहाबाद रोड, ठंडी सड़क से जीटी रोड पर शहर में आने वाले भारी और चार पहिया वाहनों की नो एंट्री की गई है। आगरा रोड से आने वाले वाहन माया पैलेस, रेलवे ओवर ब्रिज से कासगंज बाईपास से अलीगढ़, हाथरस, कासगंज रोड, कानपुर की ओर अपनी यात्रा पूरी करेंगे। कानपुर, कासंगज रोड, अलीगढ़, हाथरस की ओर से आने वाले वाहन शिकोहाबाद की ओर जाने के लिए माया पैलेस आगरा रोड से बसुंधरा से जाएंगे। ठंडी सड़क से अलीगंज तिराहा की ओर जीटी रोड पर केवल मोटरसाइकिल व तीन पहिया वाहन ही जाएंगे। शिकोहाबाद रोड से आने वाले वाहन अलीगंज तिराहा से बाईपास होते हुए यात्रा पूरी करेंगे।