
महिला आरक्षी संग कार में मिला वीडीओ, हंगामा
एटा। जिले में तैनात एक ग्राम विकास अधिकारी और एक महिला आरक्षी कार में पकड़ा गया। वीडीओ की पत्नी ने परिजन के सहयोग से दोनों को पकड़ा। इस दौरान घटनास्थल से लेकर कोतवाली देहात तक करीब एक घंटे हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। महिला ने आरक्षी पर सेक्स रैकेट चलाने और उसे भी शामिल करने का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। बृहस्पतिवार की रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें कासगंज रोड पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखी हुई एक कार में एक युवक-युवती बैठे हुए थे। मौके पर युवक की पत्नी जा पहुंची और अपने परिजन को भी बुला लिया। पति को एक विकासखंड में ग्राम विकास अधिकारी के रूप में तैनात बताया। वहीं उसके साथ कार में बैठी युवती को महिला आरक्षी बताया।
कहा कि वह शहर के एक मोहल्ले की निवासी है। वर्तमान में उसकी तैनाती प्रयागराज के एक थाने में है। महिला ने आरक्षी को जमकर खरीखोटी सुनाईं। वहीं उसके परिजन ने ग्राम विकास अधिकारी की जमकर क्लास ली। महिला ने आरोप लगाया कि उसके वीडीओ पति के और भी युवतियों से अफेयर चल रहे हैं। बताया कि चार माह पहले ही उसका विवाह हुआ है। दोनों को लेकर महिला व परिजन थाने पहुंचे। जहां काफी देर तक विवाद चलता रहा।
बाद में महिला ने कोतवाली देहात पुलिस पर महिला आरक्षी को छोड़ने का आरोप लगाया है। कोतवाली नगर में दी गई तहरीर में महिला ने आरोप लगाया है कि पति की प्रेमिका आरक्षी सेक्स रैकेट चलाती है। इन लोगों ने गर्भवती होने पर मेरा गर्भपात करा दिया। सेक्स रैकेट में शामिल करना चाहते थे। हालांकि सीओ सिटी कालू सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से बात हुई थी। बताया था कि रिपोर्ट दर्ज कराना चाहें तो तहरीर दे सकते हैं। अभी तक तहरीर नहीं मिली है