राशन की दुकानों पर आगामी 10 जून तक मिलेगा निःशुल्क खाद्यान्न
नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में कराया जाएगा खाद्यान्न का वितरण-जिलाधिकारी
राशन वितरण से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हेतु कन्ट्रोलरूम नम्बर पर सम्पर्क करें

एटा। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा ने सर्व साधारण को सूचित किया है कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अन्तर्गत आच्छादित अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को माह मई 2022 हेतु आवंटित नियमित खाद्यान्न का वितरण माह जून 2022 में 2 जून से 10 जून के मध्य प्रातः 6 बजे से सांय 9 बजे तक किया जाएगा। अन्त्योदय योजना के कार्डधारकों को निःशुल्क 35 किग्रा0 खाद्यान्न (20 किग्रा0 गेहूॅ व 15 किग्रा चावल) तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निःशुल्क 05 किग्रा0 खाद्यान्न (03 किग्रा0 गेहूॅ व 02 किग्रा0 चावल) उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार उचित दर दुकानवार नोडल अधिकारी की डयूटी लगाई गयी है जिनके द्वारा अपनी उपस्थिती में निःशुल्क खाद्यान्न वितरण का वितरण कराया जायेगा। उक्त वितरण चक्र के दौरान जिन कार्डधारकों के किसी कारणवश अंगूठा, अंगुली ई0पॉस मशीन में मैच नही हो पाती है, उन्हें ई0पॉस मशीन के माध्यम से मोबाइल ओ0टी0पी0 सत्यापन द्वारा वितरण की अन्तिम तिथि अर्थात् दिनांक 10.06.2022 को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
उचित दर विक्रेता द्वारा दुकान पर साबुन एवं पानी की पर्याप्त मात्रा रखी जाएगी तथा कार्डधारकों के हाथ धुलवाने के पश्चात ही ई0पॉस पर बायोमेट्रिक ट्रांजेक्शन किया जाएगा। वितरण के समय कोविड-19 प्रोटोकोल का अनुपालन किया जायेगा। उचित दर विक्रेताओं द्वारा दुकान पर एक साथ भीड इकट्ठी न हो, इसके लिए टोकन सिस्टम का प्रयोग किया जाए। योजना के अन्तर्गत राशन वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिला पूर्ति कार्यालय, एटा में स्थापित कन्ट्रोल रूम से मोबाइल नम्बर 7839564617 पर सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते है।