
“मेडिकल कालेज की विद्युत व्यवस्था ठप, नहीं चले जनरेटर”
एटा: आंधी और बारिश के कारण मेडिकल कालेज में बिजली सप्लाई बाधित रही। इसे लेकर एक्सरे मशीन सहित अन्य बिजली चालित उपकरण नहीं चल सके। जांच आदि कामकाज नहीं हो सके। जनरेटर न चलने के कारण इमरजेंसी सहित अन्य शाखाओं में अंधेरा छाया रहा। अंधेरे में ही इमरजेंसी में तैनात कर्मचारियों ने ड्यूटी की।
सोमवार को आंधी और बारिश के कारण बिजली के खंभे एवं तार टूट गए। मेडिकल कालेज में करीब पांच घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। बिजली के अभाव में व्यवस्था के लिए मेडिकल कालेज में जनरेटर मुहैया कराया है, मगर उसका मरीजों को नाम मात्र भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। विद्युत आपूर्ति ठप होने के बाद भी जनरेटर को नहीं चलाया गया। इसे लेकर इमरजेंसी सहित अन्य वार्डों में अंधेरा छाया रहा। जनरेटर न चलाए जाने के कारण सोमवार को महज 22 मरीजों के ही एक्सरे हो सके। पिछले दिन 80 मरीजों के एक्सरे हुए। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता आरबी राय ने बताया कि आंधी के कारण खंभा टूट गया था इस वजह से मेडिकल कालेज की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई। शाम के वक्त विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई। कहां गया डीजल
-कितनी हैरत की बात है कि मेडिकल कालेज के दो जनरेटरों को 100-100 लीटर डीजल दिया गया, लेकिन खर्च कहां हो गया। दूसरे दिन जनरेटर जरूरत पड़ने पर भी चले नहीं। मेडिकल कालेज में जनरेटर संचालन के लिए 100-100 लीटर डीजल दिया गया है। इसके बाद भी जनरेटर नहीं चलाया गया। इसकी पड़ताल की जाएगी।
–डा. नवनीत सिंह, प्राचार्य मेडिकल कालेज